चारधाम यात्रा 2025 के अभिनव यातायात मॉडल पर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय ‘स्कॉच पुरस्कार’

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा 2025 के अभिनव यातायात मॉडल पर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय ‘स्कॉच पुरस्कार’


देहरादून, 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस को चारधाम यात्रा 2025 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए विकसित अभिनव यातायात एवं नियंत्रण कक्ष प्रबंधन प्रणाली पर राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित ‘स्कॉच पुरस्कार’ प्रदान किए जाने के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान स्कॉच समूह की ओर से सुशासन एवं विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट और परिणाम-आधारित नवाचारों के लिए दिया जाता है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, देहरादून के पुलिस अधीक्षक (यातायात) लोकजीत सिंह के नेतृत्व में तैयार “चारधाम यात्रा 2025 : निर्बाध तीर्थ प्रबंधन हेतु अभिनव नियंत्रण कक्ष समाधान” को 28 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 106 वें स्कॉच शिखर सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा।

चारधाम यात्रा के दौरान प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु राज्य में पहुंचते हैं। वर्ष 2025 में यात्रा प्रबंधन को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीक-संपन्न बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा उन्नत नियंत्रण कक्ष प्रणाली स्थापित की गई। इसके अंतर्गत तात्कालिक निगरानी, डिजिटल समन्वय, बुद्धिमान मार्ग परिवर्तन व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ किया गया। इस पहल के परिणामस्वरूप यातायात दबाव में कमी आई, तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हुई और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी।

वर्ष 2024 की यात्रा के दौरान उत्पन्न चुनौतियों से प्राप्त अनुभवों के आधार पर वर्ष 2025 के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई थी। परिक्षेत्र महानिरीक्षक के अधीन केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर बहु-विभागीय समन्वय को मजबूत किया गया। सीमित समय में स्थापित इस व्यवस्था ने धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया।

धराली क्षेत्र में आई आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का समन्वय, पहलगाम की घटना के समय सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना तथा विभिन्न हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित निगरानी—इन परिस्थितियों में नियंत्रण कक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

उल्लेखनीय है कि लोकजीत सिंह को वर्ष 2021 में कोविड प्रबंधन में उल्लेखनीय योगदान के लिए फिक्की

की ओर से स्मार्ट पुलिसिंग पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2024 में भी उन्हें चारधाम यात्रा प्रबंधन में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्यपाल की ओर से उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया था।

पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर लोकजीत सिंह और पूरी यातायात पुलिस टीम को बधाई देते हुए इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि यह सम्मान नवाचार-आधारित पुलिस व्यवस्था और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story