हरकी पैड़ी पर भीड़ में बिछड़े दो मासूम, पुलिस ने परिवारों से मिलाया
हरिद्वार, 24 मई (हि.स.)। हर की पैड़ी क्षेत्र में रविवार को उमड़ी भारी भीड़ के बीच दो छोटे बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए, जिससे परिवारों में हड़कंप मच गया। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने पर परेशान परिजनों ने चौकी हर की पौड़ी पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली के विनोद नगर निवासी संजीव झा अपने परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। इसी दौरान उनका 6 वर्षीय पुत्र आशु, जो ऑटिज्म जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है, भीड़ में लापता हो गया। वहीं गजरौला, उत्तर प्रदेश से आए एक अन्य परिवार की 7 वर्षीय पुत्री निधि भी मेले की भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ गई।
बच्चों के गायब होने से दोनों परिवार बेहद व्याकुल हो गए और लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे। सूचना मिलने पर चौकी हर की पौड़ी पर तैनात पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सीओ ओसिन जोशी के निर्देशन में पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र में सघन जांच और तलाश अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत और सतर्कता के बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने हरिद्वार पुलिस की तत्परता व संवेदनशील कार्यशैली के लिए तहेदिल से आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

