गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पुलिस का छापा
हरिद्वार, 16 अक्टूबर (हि.स.)। गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने खड़खड़ी, भूपतवाला, भीमगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री करते पाए गए दुकानदारों के विरुद्ध सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री करते हुए दोबारा पकड़े जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

