नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सतपुली में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित बिहार भागने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे कोटद्वार रोड से पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को सतपुली निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग पुत्री पड़ोस की दुकान पर सामान लेने गई थी। इसी दौरान वहां पेंट-पुताई का काम कर रहे एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। शिकायत के आधार पर सतपुली थाने में आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा व पॉक्सो अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद सतपुली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 अक्टूबर को आरोपित असगर (30 वर्ष) को कोटद्वार रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित मूल रूप से बिहार के किशनगंज जिले का निवासी है और वर्तमान में सतपुली में रह रहा था। पुलिस टीम में थाना प्रभारी अनिल चौहान, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक सोहनलाल, हेड कांस्टेबल टीकम सिंह, पीआरडी जवान संतोष और महिला होमगार्ड सपना शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766002 Articles

Share this story