वीकेंड पर दून पुलिस का ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’, 53 संदिग्धों से पूछताछ

WhatsApp Channel Join Now
वीकेंड पर दून पुलिस का ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’, 53 संदिग्धों से पूछताछ


देहरादून, 23 अगस्त (हि.स.)। वीकेंड पर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए दून पुलिस ने शनिवार देर रात से रविवार तड़के तक ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रेमन्द सिंह डोबाल देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में नगर और देहात क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सघन चेकिंग की। इस दौरान पुलिस टीमों ने रात्रि में अनावश्यक रूप से घूम रहे 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की। इनमें से 53 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर आवश्यक पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, संदिग्धों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 15 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया और उनके वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 36 वाहन चालकों के एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए और उनसे 32,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 46 वाहन चालकों के चालान न्यायालय के लिए किए गए, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 23 वाहनों को सीज किया गया।

एसएसपी देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story