महिला हेल्पलाइन से 1016 टूटते परिवार जुड़े, एसएसपी की पहल ला रही रंग

WhatsApp Channel Join Now
महिला हेल्पलाइन से 1016 टूटते परिवार जुड़े, एसएसपी की पहल ला रही रंग


हरिद्वार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस टूटते रिश्तों को जोड़ने और परिवारों में खुशियां लौटाने का प्रयास कर रही है। कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक दायित्व निभाते हुए पुलिस ने दो महिला हेल्पलाइन - हरिद्वार और रुड़की - बनाई हैं, जहां दंपतियों के आपसी मनमुटाव को काउंसलिंग और ऐच्छिक ब्यूरो के जरिए सुलझाया जा रहा है।

जनवरी 2026 से अब तक महिला हेल्पलाइन हरिद्वार में 966 मामले आए, जिनमें 460 परिवारों को समझौते के बाद फिर से एक साथ रहने के लिए मनाने में सफलता मिली। वहीं रुड़की हेल्पलाइन में 1105 मामले प्राप्त हुए, जिनमें 556 परिवारों को जोड़ा गया। इस तरह कुल 2071 मामलों में से 1016 परिवारों को टूटने से बचाया गया।

पुलिस के अनुसार हेल्पलाइन में पति-पत्नी के बीच मतभेद, पारिवारिक कलह और घरेलू विवादों को गंभीरता से सुना जाता है। दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर संवाद, समझदारी और सामंजस्य से समाधान निकालने के लिए प्रेरित किया जाता है।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि यह प्रयास केवल विवाद निस्तारण नहीं, बल्कि परिवारों में विश्वास और सौहार्द बनाए रखने की दिशा में कदम है। पुलिस ने अपील की है कि पारिवारिक विवाद में धैर्य और संवाद को प्राथमिकता दें और जरूरत पड़ने पर महिला हेल्पलाइन की मदद लें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story