उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज और प्रतीक चिह्नों का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण

WhatsApp Channel Join Now

-भ्रष्टाचार की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन 1064 की नियमित समीक्षा के निर्देश

-6 नवंबर को पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर

देहरादून, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आधारित सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए मुख्य सचिव को हेल्पलाइन नंबर 1064 की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें इस हेल्पलाइन पर दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के नए गौरव चिह्न केवल प्रतीकों और वर्दी में बदलाव नहीं हैं, बल्कि ये पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को और मजबूत करने का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की नई पहचान का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब उसके व्यवहार में संवेदनशीलता, कार्यप्रणाली में दक्षता और कार्रवाई में निष्पक्षता दिखाई देगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में काम हो रहा है। उत्तराखण्ड पुलिस को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित, प्रशिक्षित और सक्षम बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा और साहस का संदेश देता है। पुलिसकर्मियों को इन आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार पर कार्रवाई के साथ उन खामियों को दूर करना भी जरूरी है, जिनसे भ्रष्टाचार की संभावनाएं पैदा होती हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और उनके कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जिसमें सरकारी संसाधनों का सही उपयोग हो, जनसेवाओं में लापरवाही न हो और प्रत्येक नागरिक को सम्मान मिले।

धामी ने बताया कि छह नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से अलंकृत करेंगे। इस अवसर पर पुलिस के जवान नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड में हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नत हुईं शाहजहां जावेद खान और जगदीश चंद्र को प्रतीक चिह्न अलंकृत कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।

पुलिस के नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, ‘सत्यमेव जयते’, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। ये राष्ट्रीय गौरव, सत्य, न्याय, उत्कृष्टता और उत्तराखण्ड की भौगोलिक पहचान के प्रतीक हैं। पुराने तीन रंगों वाले क्षैतिज ध्वज के स्थान पर गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नया ध्वज अपनाया गया है, जिसके मध्य में नया पुलिस प्रतीक चिह्न और किनारों पर लाल एवं स्वर्णिम रंग हैं।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस के ध्वज का अनावरण पहली बार चार अप्रैल 2008 को हुआ था। बदलती चुनौतियों और पुलिस बल के बढ़ते दायित्वों के अनुरूप नए गौरव चिह्न तैयार किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने 21 अक्टूबर 2026 को इनके नए स्वरूप को अनुमोदन दिया था।

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769795 Articles

Share this story