पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समाधान, 41 कार्मिक सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समाधान, 41 कार्मिक सम्मानित


हरिद्वार, 30 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जनपद के विभिन्न थानों एवं शाखाओं से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्याएं एसएसपी के समक्ष रखीं।

एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखने तथा फ्रेंडली पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

सम्मेलन के अंत में ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य, जटिल अपराधों के सफल अनावरण व मैत्रीपूर्ण पुलिसिंग के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 41 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इनमें 5 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी को फरवरी 2026 के लिए ‘पुलिस मैन,वुमेन ऑफ द मंथ’ के रूप में चयनित किया गया।

सम्मानित कार्मिक जनपद के विभिन्न थानों एवं इकाइयों जैसे वीआईपी सेल, कोतवाली नगर, कनखल, श्यामपुर, ज्वालापुर, बहादराबाद, रानीपुर, सिडकुल, रुड़की, गंगनहर, कलियर, पथरी, लक्सर, खानपुर, मंगलौर, झबरेड़ा, भगवानपुर, बुग्गावाला, सीआईयू, ट्रैफिक कंट्रोल रूम, हाईकोर्ट सेल, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, पुलिस दूरसंचार, फायर स्टेशन, यातायात, सीपीयू तथा पुलिस लाइन सहित अन्य शाखाओं से संबंधित हैं।

एसएसपी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यक्षमता और समर्पण पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी कर्मियों से ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story