‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 4 दिन में 114 असामाजिक तत्व गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 4 दिन में 114 असामाजिक तत्व गिरफ्तार


देहरादून, 07 अप्रैल (हि.स.)। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने पिछले चार दिन में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए 114 लाेगाें को गिरफ्तार किया है। जिनमें 15 आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अभियुक्त और 41 हुड़दंगी शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 47 वारंटियों सहित कुल 65 वांछित अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 1621 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जबकि 25 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने, किरायेदार सत्यापन न कराने और शराब सेवन जैसे मामलों में 645 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, अवैध असलहे के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती बरतते हुए 886 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। ड्रंक एंड ड्राइव और रैश ड्राइविंग के मामलों में 88 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 199 वाहनों को सीज किया गया।

अभियान के तहत शहर और देहात क्षेत्रों में होटल, ढाबा, पब और बार आदि कुल 300 प्रतिष्ठानों की औचक जांच की गई। नियमों के उल्लंघन पर छह संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया, जबकि दो प्रतिष्ठानों को पूर्ण रूप से बंद कराया गया। इसके अलावा 24 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

एसएसपी परमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत अअभिायान चलाए जा रहे हैं। अपराधियों और आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्तियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story