मुख्य सचिव ने 25 बिंदु कार्यक्रम की समीक्षा की, योजनाओं के धरातलीय असर का आकलन करने के निर्देश
देहरादून, 30 सितंबर (हि.स.)। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में 25 बिंदु कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति के साथ उनके धरातलीय असर और आमजन को मिल रहे वास्तविक लाभ का भी आकलन करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि किसी योजना की सफलता केवल उसके तहत किए गए कार्यों से नहीं, बल्कि उससे लोगों को मिल रहे वास्तविक लाभ से तय होनी चाहिए। उन्होंने पिरूल कलेक्शन से लाभार्थियों को अब तक हुई मॉनेटाइजेशन,लाभ लेने वाले लोगों की संख्या और उनकी आय में हुई वृद्धि का पूरा आंकड़ा तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और सेग्रिगेशन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की क्षमता के अनुरूप उनका पूरा उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रदेश के सभी एसटीपी की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए प्रभावी केंद्रीकृत व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि उनके संचालन और निर्धारित मानकों के अनुपालन पर लगातार नजर रखी जा सके।
उन्होंने जिलाधिकारियों और सचिव पेयजल को एसटीपी से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को बड़े व्यावसायिक संस्थानों और ग्रुप हाउसिंग में उनके स्वयं के एसटीपी की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने तथा निर्धारित मानकों की नियमित जांच करने को कहा।
मुख्य सचिव ने अतिक्रमण हटाने के बाद संबंधित क्षेत्रों में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए जिलास्तर पर नियमित निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पार्किंग विकास से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित योजनाओं में तेजी लाने और सामने आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को 25 बिंदु कार्यक्रम की हर माह नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि समीक्षा में केवल आंकड़ों की प्रगति तक सीमित न रहते हुए योजनाओं की जमीनी स्थिति, लाभार्थियों को मिल रहे लाभ और समस्याओं का भी आकलन किया जाए। अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले बिंदुओं पर कारणों की पहचान कर समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव डॉ.पंकज कुमार पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के सचिव, अपर सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

