पीएम सूर्य घर योजना में उत्तराखण्ड का राष्ट्रीय स्तर पर परचम, चार श्रेणियों में मिला प्रथम स्थान

WhatsApp Channel Join Now
पीएम सूर्य घर योजना में उत्तराखण्ड का राष्ट्रीय स्तर पर परचम, चार श्रेणियों में मिला प्रथम स्थान


पीएम सूर्य घर योजना में उत्तराखण्ड का राष्ट्रीय स्तर पर परचम, चार श्रेणियों में मिला प्रथम स्थान


देहरादून, 04 जून (हि. स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए चार प्रमुख श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राज्य को यह सम्मान नई दिल्ली स्थित अटल अक्षय ऊर्जा भवन में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री ने प्रदान किया।

राज्य सरकार ने इस उपलब्धि को उत्तराखण्ड में स्वच्छ ऊर्जा क्रांति, सतत विकास और अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व और मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव (ऊर्जा) डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम के मार्गदर्शन में राज्य ने यह उपलब्धि हासिल की।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से आयोजित पुरस्कार समारोह में औसत उपभोक्ता आधार वाले राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड को निम्न चार क्षेत्रों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जिसमें—सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन, सर्वाधिक रूफटॉप सोलर संस्थापन,सर्वाधिक डिस्कॉम निरीक्षण,सर्वाधिक विक्रेता पंजीकरण में। यह सम्मान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, उपभोक्ता जागरूकता, त्वरित सेवा वितरण और पारदर्शी प्रक्रियाओं के माध्यम से किए गए उत्कृष्ट कार्य का परिणाम माना जा रहा है।

यूपीसीएल ने राज्यभर में जागरूकता अभियान, विशेष शिविरों और डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने का प्रयास किया। साथ ही आवेदन स्वीकृति, तकनीकी निरीक्षण, नेट मीटरिंग और सौर संयंत्र स्थापना की प्रक्रियाओं को सरल और समयबद्ध बनाकर उपभोक्ताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी प्रदान की जाती है। इससे बिजली बिलों में कमी आने के साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। राज्य में योजना के प्रति बढ़ती रुचि ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story