उत्तराखंड के सभी विद्यालयों में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में भागीदारी होगी अनिवार्य, 08 लाख से अधिक पंजीकरण
देहरादून, 4 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के सभी विद्यालयों में आगामी ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राएं की अनिवार्य रूप से भागीदारी होगी। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगामी 6 फरवरी को प्रातः 10 बजे आयोजित हाेगी, जिसमें छात्र-छात्राएं, अभिभावक और शिक्षक डिजिटल माध्यम से सीधे संवाद करेंगे।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रदेशभर के विद्यालयों में प्रधानमंत्री मोदी की विशेष पहल ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का वृहद स्तर पर आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश के सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विद्यालयों में कार्यक्रम का प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं। कक्षा 6 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राएं,अभिभावक और शिक्षक कार्यक्रम में भाग लेंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री छात्रों को परीक्षा तनाव कम करने, चुनौतियों का सामना करने और आत्मविश्वास बढ़ाने के व्यावहारिक सुझाव देंगे। कार्यक्रम का प्रसारण टीवी, एजुसेट और इंटरनेट एक्सेस डिवाइस के माध्यम से सभी विद्यालयों में किया जाएगा।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष प्रदेशभर के 08 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है। इसमें 8.37 लाख से अधिक छात्र, 53,149 शिक्षक और 14,512 अभिभावक शामिल हैं।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

