पीएम आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता सूची का पुनरीक्षण शुरू, 419 अपात्र चिन्हित
हरिद्वार, 27 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत हरिद्वार जिले में पात्रता सूची के पुनरीक्षण का कार्य विकासखंड स्तर पर शुरू हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर अपात्र लाभार्थियों के नाम सूची से हटाने और पूर्व सर्वे में छूटे पात्र परिवारों को सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जा रही है।
18 अगस्त तक आपत्ति दर्ज कराने की अवधि में जिले की ग्राम पंचायतों से कुल 2,282 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनमें से 943 आपत्तियों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 1,340 आपत्तियों की जांच जारी है। जांच के दौरान अब तक 419 लाभार्थी अपात्र पाए गए हैं, जिन्हें सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि योजना में किसी भी अपात्र व्यक्ति को लाभ नहीं दिया जाएगा। आवास स्वीकृति से पहले अपात्रों के नाम सूची से हटा दिए जाएंगे। वहीं, पूर्व सर्वेक्षण में छूटे पात्र परिवारों को जांच के बाद सूची में शामिल किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

