पीएम आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों की पात्रता को लेकर खुली बैठक
हरिद्वार, 10 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थियों की पात्रता एवं अपात्रता के निर्धारण के लिए विकासखंड रुड़की की ग्राम पंचायत टोडा कल्याणपुर एहतमाल में खुली बैठक आयोजित की गई। यह बैठक भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संपन्न हुई।
बैठक का संचालन ग्राम विकास अधिकारी टिंकू चौहान ने किया। इसमें ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक के दौरान पात्र लाभार्थियों की सूची ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। अधिकारियों ने बताया कि सूची को पूर्व में पंचायत भवन पर सार्वजनिक सूचना के लिए भी चस्पा किया गया था।
खुली बैठक के दौरान ग्रामीणों की ओर से कुल पांच आपत्तियां प्राप्त हुईं। इन सभी आपत्तियों का मौके पर परीक्षण कर उनका निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए इस प्रकार की खुली बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
बैठक के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने योजना की पारदर्शी प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

