प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान को जन आंदोलन बनाएगी उत्तराखंड की जनता : धामी

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान को जन आंदोलन बनाएगी उत्तराखंड की जनता : धामी


देहरादून, 11 मई (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऊर्जा संरक्षण, स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए किया गया आह्वान केवल आर्थिक मजबूती का संदेश नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का व्यापक अभियान है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता इस आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। यदि नागरिक अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचें, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और ऊर्जा संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने लोगों से एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचने, खेती में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खाद अपनाने और खाद्य तेल के संयमित उपयोग का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे-छोटे संकल्प भी राष्ट्रहित में बड़ा योगदान साबित हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक हमेशा राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। 'वोकल फॉर लोकल' और 'आत्मनिर्भर भारत' का संकल्प तभी सफल होगा, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और जनसहभागिता से यह अभियान और अधिक मजबूत होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story