पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर संरक्षण का संकल्प, चिपको नेता को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर संरक्षण का संकल्प, चिपको नेता को दी श्रद्धांजलि


गोपेश्वर, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को संकल्प अभियान के तहत पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस मौके पर चिपको आंदोलन के नेता स्वर्गीय चक्रधर तिवारी की 13 वीं पुण्यतिथि पर उनके पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में दर्शन बत्र्वाल ने चक्रधर तिवारी को ‘वृक्ष ऋषि’ बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तिवारी ने प्रकृति संरक्षण को जनअभियान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संकल्प अभियान के संयोजक मनोज तिवारी ने कहा कि चक्रधर तिवारी की स्मृति में उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ दशक से रक्षाबंधन के अवसर पर पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण से जोड़ना तथा उनमें पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और संस्कार विकसित करना है। बच्चों को प्रकृति से जोड़कर ही पर्यावरण संरक्षण की भावना को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में बच्चों और मातृशक्ति ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर सुधीर चमोली, दीवान नेगी, सतेश्वरी तिवारी, रश्मि थपलियाल, मनोरमा हटवाल, मालमती रावत, अर्नव तिवारी, सीमा तिवारी, रेखा सती, सुमन और मोली रौतेला समेत बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story