मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना की चयन प्रक्रिया जारी, 93 खिलाड़ियों ने दी शारीरिक दक्षता परीक्षा
गापेश्वर, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार की मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत जनपद स्तरीय चयन प्रक्रिया के तीसरे दिन 10-11 वर्ष आयु वर्ग के 93 खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 47 बालक और 46 बालिकाओं ने भाग लिया।
खेल विभाग की ओर से बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार योजना के तहत चमोली जनपद से आठ से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक वर्ग में 25-25 बालक और बालिकाओं का चयन किया जाएगा। इस प्रकार कुल 150 बालक और 150 बालिकाओं को 1,500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।
प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी मोहित सिंह ने बताया कि 30 जुलाई को 11-12 वर्ष आयु वर्ग के बालक और बालिकाओं की जनपद स्तरीय शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया खेल विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई, जिसमें खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता और खेल क्षमता का निष्पक्ष मूल्यांकन किया गया। जनपद स्तरीय चयन समिति के संयोजक एवं प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी मोहित सिंह के नेतृत्व में आयोजित चयन प्रक्रिया के दौरान खेल विभाग की नोडल अधिकारी रश्मि बिष्ट, सहायक नोडल अधिकारी सुरेश बिष्ट सहित विभागीय अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

