मुख्यमंत्री के दौरे से युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और पार्षद आर्या नजरबंद

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी , 09 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हल्द्वानी दौरे से पहले विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू और पार्षद प्रीति आर्या को पुलिस ने राजपुरा स्थित उनके आवास पर गिरफ्तार कर नजरबंद कर दिया। इस दौरान पुलिस और हेमन्त के बीच धक्का-मुक्की एवं खींचतान भी हुई।

हेमन्त साहू ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, स्मार्ट मीटर और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से जूझ रही है। हल्द्वानी की सड़कों की हालत खराब है, आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय लोकतांत्रिक विरोध की आवाज को दबाने में लगी है।

साहू ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और जनसमस्याओं के लिए आवाज उठाना हमारा अधिकार है। आखिर सरकार जनता की आवाज से इतना घबरा क्यों रही है? जनता को राहत देने के बजाय विरोध करने वालों को नजरबंद करना कहां का न्याय है? महंगाई, बेरोजगारी, स्मार्ट मीटर और बदहाल सड़कों जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

पार्षद प्रीति आर्या ने महिलाओं के रोजगार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महिलाओं को घर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे सकें। महिलाओं को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि रोजगार के वास्तविक अवसर मिलने चाहिए।

हेमन्त साहू ने स्पष्ट किया कि जनता के मुद्दों को उठाना जारी रहेगा। जनसमस्याओं, बेरोजगारी, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जनता की आवाज बुलंद करना ही उनकी प्राथमिकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story