पिल्ला गैंग पर पुलिस का एक और वार, फायरिंग करने वाला शूटर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पिल्ला गैंग पर पुलिस का एक और वार, फायरिंग करने वाला शूटर गिरफ्तार


हरिद्वार, 18 जून (हि.स.)। अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने पिल्ला गैंग के एक और सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपित को घटना में प्रयुक्त तमंचे के साथ हिरासत में लिया गया है।

कनखल पुलिस क्षेत्र में अपराधियों, वांछितों, हिस्ट्रीशीटरों और हुड़दंगियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में 1 जून को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों के साथ हुई कहासुनी के दौरान हुई फायरिंग की घटना में शामिल एक और आरोपित को दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के दौरान कुछ युवकों ने कांवड़ियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी थी। इसी दौरान की गई फायरिंग में एक कांवड़िया घायल हो गया था। मामले में कनखल थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में सादे वस्त्रों में निगरानी शुरू की थी। अब तक इस मामले में 7 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान सत्यम जाट पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, थाना कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया है। कनखल पुलिस का कहना है कि पिल्ला गैंग को पूरी तरह समाप्त करने तक कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story