नैनीताल जिले के 37 श्रद्धालु सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के लिए रवाना

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल जिले के 37 श्रद्धालु सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के लिए रवाना


हल्द्वानी, 13 जुलाई (हि. स.)। 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026' के तहत नैनीताल जिले के 37 चयनित श्रद्धालुओं का दल सोमवार को हल्द्वानी से देहरादून के लिए रवाना हुआ।

हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से रवाना हुए श्रद्धालुओं को सांसद अजय भट्ट ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान परिवहन, भोजन, आवास और चिकित्सा सहित सभी व्यवस्थाएं सरकार की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि नैनीताल जिले का दल पहले देहरादून पहुंचेगा, जहां प्रदेश के सभी 13 जिलों से आए श्रद्धालु एकत्र होंगे। इसके बाद हर्रावाला रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।

उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न वर्गों के लोगों को देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। यात्रा के दौरान उत्तराखंड के सभी 13 जिलों की पवित्र नदियों के जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम ले जाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story