गोल्डन कार्ड के लिए 125 करोड़ के बजट का पेंशनर्स ने किया स्वागत
हरिद्वार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन ने गोल्डन कार्ड योजना के लिए सरकार द्वारा 125 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट स्वीकृत करने के फैसले का स्वागत किया है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चौ. ओमबीर सिंह और महामंत्री जेपी चाहर ने हरिद्वार में संयुक्त बयान में कहा कि गैरसैंण में विधानसभा सत्र के पहले दिन गोल्डन कार्ड के लिए अनुपूरक बजट पास होना पेंशनर्स की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि यह संगठन के शीर्ष नेतृत्व की प्रभावी कार्यशैली का परिणाम है।
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष और हरिद्वार जिलाध्यक्ष बीपी चौहान ने बताया कि एक समय सरकार गोल्डन कार्ड योजना को हाइब्रिड मोड पर चलाने और अंशदान बढ़ाने पर विचार कर रही थी। संगठन ने इसका पुरजोर विरोध किया और कहा कि पेंशनर्स की चिकित्सा व स्वास्थ्य देखभाल की जिम्मेदारी कल्याणकारी राज्य की है, इसलिए पूरे बजट की व्यवस्था सरकार करे।
उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और मुख्य सचिव आनंद वर्धन की अध्यक्षता में हुई बैठकों में पेंशनर संगठन की मांग को औचित्यपूर्ण मानते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया गया था, उसी का परिणाम यह बजट है।
प्रदेश अध्यक्ष ओमबीर सिंह ने कहा कि सरकार का दायित्व है कि वह संगठन के मांगपत्र मैं शामिल अन्य मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

