पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए हरिद्वार में 52 केंद्र, 20,958 अभ्यर्थी होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए हरिद्वार में 52 केंद्र, 20,958 अभ्यर्थी होंगे शामिल


हरिद्वार, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्यध्प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष और नकलविहीन आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 29 नवंबर को जनपद के 52 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 20,958 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें रुड़की क्षेत्र के 16 केंद्रों पर 6,494 और हरिद्वार क्षेत्र के 36 केंद्रों पर 13,464 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित की गई। इसमें परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीय प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और परीक्षा केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम चार बजे तक चलेगी। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों और केंद्र प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा परीक्षा से पहले केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय समेत सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही गोपनीय परीक्षा सामग्री के रखरखाव और कोषागार से प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के अवर सचिव आशीष जायसवाल ने बताया कि आयोग की ओर से परीक्षा आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रवेश के दौरान सभी परीक्षार्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सघन जांच की जाएगी।

उन्होंने बताया कि रुड़की में आयोजित परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं डाकघर में जमा कराई जाएंगी, जबकि हरिद्वार के परीक्षा केंद्रों की उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा समाप्त होने के बाद संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट आयोग कार्यालय में जमा कराएंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों से आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में एसपी क्राइम निशा यादव, जिला विकास अधिकारी केके पंत, आयोग के आरओ सुशील डंगवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश विश्नोई, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा समेत सभी संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट और अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story