खानपुर में विकास के मुद्दों पर विधायक उमेश कुमार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
खानपुर में विकास के मुद्दों पर विधायक उमेश कुमार को घेरा


हरिद्वार, 18 अक्टूबर (हि.स.)। खानपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भीम आर्मी के पूर्व प्रदेश प्रभारी दीपक सेठपुर ने विधायक उमेश कुमार शर्मा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर ध्यान देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के बजाय धार्मिक मुद्दों को राजनीतिक बहस का केंद्र बनाया जा रहा है।

राजपुर गांव में आयोजित प्रेसवार्ता में दीपक सेठपुर ने रविदास धाम के मुद्दे को लेकर विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खानपुर क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने, सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की जरूरत है। उनके मुताबिक, इन बुनियादी मुद्दों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

सदन में उठाएं क्षेत्र की समस्याएं

प्रेसवार्ता में सुशील मालियान ने भी विधायक उमेश कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने के बजाय धार्मिक और मूर्ति से जुड़े मुद्दों को अधिक तवज्जो दी गई। उन्होंने बेलड़ा प्रकरण का उल्लेख करते हुए विधायक से जनता से माफी मांगने की मांग की।

वहीं, मोनू ने सरकारी स्कूलों की जर्जर स्थिति और विकास कार्यों की कथित अनदेखी का मुद्दा उठाया। दीपक कुमार ने भी धार्मिक मुद्दों के जरिए राजनीति किए जाने का आरोप लगाया।

बुनियादी सुविधाओं को बनाया जाए प्राथमिकता

प्रेसवार्ता में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि खानपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने विधायक से इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करने और क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाने की मांग की।

प्रेसवार्ता में जिला पंचायत सदस्य पप्पू सिंह आजाद, ओमवीर, करण, रामदेव, अमरदेव और मोनू सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763055 Articles

Share this story