रागिनी नायक बोलीं- अंकिता के परिवार को न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष

WhatsApp Channel Join Now
रागिनी नायक बोलीं- अंकिता के परिवार को न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष


हरिद्वार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर बुधवार को भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता के परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा के दावे खोखले साबित हुए हैं।

बुधवार काे हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. रागिनी नायक ने आरोप लगाया कि अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इस संबंध में मामला दर्ज किया था और जांच जारी है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि मामले में संदेह के घेरे में आए व्यक्ति को संवैधानिक पद पर बैठाकर पीड़ित परिवार की भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है।

नायक ने दावा किया कि अंकिता का फोन नहीं मिलने के बाद उसके डुप्लीकेट सिम से कुछ जानकारियां सामने आई थीं। उन्होंने सवाल किया कि आरोपी पुलकित आर्य का डुप्लीकेट सिम हासिल करने की दिशा में कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने 2023 में कानून में संशोधन कर चुनाव आयुक्तों को कानूनी संरक्षण दिया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं के नाम हटाए जाने पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि देश में अब तक 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जा चुके हैं।

डॉ. रागिनी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मतदाताओं के अधिकारों का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बूथ स्तरीय एजेंटों को भी इस संबंध में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्रकार वार्ता में एआईसीसी मीडिया समन्वयक पांखुरी पाठक, गरिमा दसौनी, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, मनोज सैनी, फुरकान अली और ओबीसी जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764645 Articles

Share this story