हरिद्वार में कैबिनेट बैठक जनता के पैसे की बर्बादी: शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में कैबिनेट बैठक जनता के पैसे की बर्बादी: शर्मा


हरिद्वार में कैबिनेट बैठक जनता के पैसे की बर्बादी: शर्मा


हरिद्वार, 12 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने धामी सरकार की हरिद्वार कैबिनेट बैठक को जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग और चुनावी नौटंकी बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में हरिद्वार के हित और कुंभ से जुड़ा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में शर्मा ने कहा कि कैबिनेट में लिए गए अधिकतर निर्णय अधिकारी स्तर पर भी लिए जा सकते थे, जिसमें खसरा नंबर बदलने जैसा निर्णय भी शामिल है, जो उप जिलाधिकारी स्तर का है। ऋषिकुल विद्यापीठ में शोध संस्थान खोलने के निर्णय पर उन्होंने कहा कि वहां पहले से ही एक संस्था कार्यरत है।

शर्मा ने आरोप लगाया कि कुंभ नगरी में हुई बैठक में कुंभ से संबंधित एक भी प्रस्ताव नहीं लाया गया, जो सरकार की उदासीनता दर्शाता है।

कुंभ निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री और मंत्री मौन हैं। उन्होंने ज्वालापुर, बहादराबाद, कांगड़ी और पांडेय वाला स्थित गुघाल मेला स्थल को कुंभ मेला क्षेत्र में शामिल करने की मांग की। रानीपुर और हरिद्वार विधायकों को नकारा बताते हुए सवाल उठाया कि हरिद्वार के विकास का कोई प्रस्ताव कैबिनेट में क्यों नहीं रखा गया।

उन्होंने उम्मीद जताई थी कि सरकार अर्धकुंभ पर श्वेत पत्र लाएगी।

अंकिता भंडारी मामले पर शर्मा ने कहा कि 2022 की घटना में बेटी के माता-पिता आज भी वीडियो जारी कर धामी सरकार पर आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें न्याय की उम्मीद नहीं है और जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा है।

शर्मा ने कहा कि टैक्स पेयर के लाखों रुपये खर्च कर क्या धामी जी हरिद्वार में मोदीनामा पढ़ने आए थे। उन्होंने दिल्ली में छात्र-छात्राओं पर पुलिस कार्रवाई की निंदा भी की। इस दौरान मनोज सैनी, सोम त्यागी, विकास चंद्रा सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759562 Articles

Share this story