मोरी के पवाणी गांव पहुंचकर आपदा मंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण, राहत कार्यों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
मोरी के पवाणी गांव पहुंचकर आपदा मंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण, राहत कार्यों का लिया जायजा


- अग्निकांड प्रभावित परिवारों को भोजन, कंबल, टेंट और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही

- राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पीडब्ल्यूडी ने बनाया अस्थायी हेलीपैड

देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी के मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के लिए बुधवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों से राहत कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं सहायता कार्य प्राथमिकता से संचालित किए जा रहे हैं। हवाई सर्वेक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन मंत्री के साथ उपाध्यक्ष विनय रुहेला और सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन भी मौजूद रहे।

मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत कार्य शुरू कर दिए थे। जिलाधिकारी उत्तरकाशी के नेतृत्व में पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, पशुपालन, पेयजल, विद्युत और जिला पूर्ति विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं। प्रभावित परिवारों को उनकी जरूरतों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रभावित गांव में राहत सामग्री पहुंचाने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने अस्थायी हेलीपैड तैयार किया है। प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है, जहां भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

गांव के प्राथमिक विद्यालय के स्टोर रूम को राहत सामग्री के भंडारण और जरूरत पड़ने पर अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में उपयोग करने की व्यवस्था की जा रही है।

प्रभावित परिवारों को कंबल, जैकेट, गमछे, टेंट, बर्तन, गैस चूल्हे, हाइजीन किट, बाल्टी, गद्दे, बेडशीट, तकिये और टॉर्च सहित जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा तहसील प्रशासन की ओर से चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, साबुन, मसाले, नमक, आलू, सोयाबड़ी और तिरपाल की व्यवस्था भी की गई है।

हवाई सर्वेक्षण के दौरान मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने भोजन, पेयजल, सुरक्षित आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के साथ ही प्रभावित परिवारों की जरूरतों का लगातार आकलन करने को कहा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा और दुर्घटना की हर परिस्थिति में प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ आगे की आवश्यक कार्रवाई भी नियमानुसार सुनिश्चित की जाएगी।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। सभी संबंधित विभागों की टीमें मौके पर मौजूद हैं और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं पुनर्वास कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story