पाबौ क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग
पौड़ी गढ़वाल, 22 जुलाई (हि.स.)। पाबौ ब्लॉक और पर्वतीय क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर वह अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
ज्ञापन में गणेश भट्ट ने पाबौ ब्लॉक में उपतहसील और उप जिला चिकित्सालय की स्थापना की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पाबौ चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के साथ ही एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था की जानी चाहिए।
उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में एम्स जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, जल जीवन मिशन योजना की जांच कर प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने तथा पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए विशेष विकास योजना लागू करने की मांग की।
गणेश भट्ट ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की, अन्यथा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

