संस्कृत ज्ञान और तकनीकी शिक्षा का होगा संगम
पौड़ी गढ़वाल, 25 सितंबर (हि.स.)।भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की पहल शुरू हो गई है। जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी) पौड़ी और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर देवप्रयाग के बीच इस संबंध में एमओयू हुआ। जीबीपीआईईटी निदेशक प्रो. (डॉ.) विजय कुमार बंगा और परिसर निदेशक प्रो. पीवीबी सुब्रह्मण्यम ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
एमओयू के तहत भारतीय ज्ञान प्रणाली, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत पर संयुक्त शोध और पाठ्यक्रम तैयार किए जाएंगे। विद्यार्थियों व शोधार्थियों के आदान-प्रदान के साथ कार्यशालाएं, संगोष्ठियां और शैक्षणिक कार्यक्रम भी होंगे। दोनों संस्थान भारतीय ज्ञान प्रणाली प्रकोष्ठ और उत्कृष्टता केंद्र विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम करेंगे। समझौता पांच वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

