हादसे से पहले जागे विभाग : राकेश गौरशाली

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 09 सितंबर (हि.स.)। शहर की प्रमुख माल रोड पर सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। जेल गदेरा से होटल मधुबन के सामने तक सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

सड़क की स्थिति को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष राकेश गौरशाली ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत की मांग की।

गौरशाली ने कहा कि माल रोड शहर का प्रमुख मार्ग है और यहां दिनभर वाहनों के साथ पैदल लोगों की भी आवाजाही रहती है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। अचानक गड्ढा सामने आने पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति को केवल यातायात संबंधी असुविधा मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह सीधे तौर पर लोगों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। उन्होंने विभाग से मौके का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की।

गौरशाली ने कहा कि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई और कोई दुर्घटना हुई तो इसके लिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से किसी अप्रिय घटना से पहले माल रोड को सुरक्षित बनाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story