गुलदार के हमले में पांच वर्षीय बच्ची की मौत, ग्रामीणों ने वन मंत्री के खिलाफ की नारेबाजी
-विधायक राजकुमार पोरी को भी झेलना पड़ा विरोध, गुलदार को आदमखोर घोषित करने के लिए भेजा प्रस्ताव
पौड़ी, 03 नवंबर (हि.स.)। पौड़ी जिले के खांड्यूंसैंड क्षेत्र में मंगलवार शाम गुलदार के हमले में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और शासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने वन मंत्री सुबोध उनियाल और मौके पर पहुंचे विधायक राजकुमार पोरी के खिलाफ नारेबाजी कर वन्यजीवों के हमलों पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे गुलदार ने कृष्ण कुमार की पांच वर्षीय बेटी आरुषि पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने वन मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पौड़ी जिले में गुलदार के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन वन मंत्री ने अब तक क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा नहीं लिया है।
ग्रामीणों ने कहा कि पहाड़ के लोग कब तक जंगली जानवरों के भय के बीच जीवन बिताने को मजबूर रहेंगे। उन्होंने गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वन्यजीवों के हमलों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
घटनास्थल पर पहुंचे विधायक राजकुमार पोरी को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि घटनाओं के बाद आश्वासन देने के बजाय स्थायी समाधान के लिए कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस बीच, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि गुलदार को आदमखोर घोषित करने के लिए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को पत्र भेजा गया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

