बैकुंठ चतुर्दशी मेले में लोकगायिका मीना राणा की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 20 नवंबर (हि.स.)। गगवाड़स्यूं घाटी के सिद्धपीठ श्रीदेवलेश्वर महादेव मंदिर बलोड़ी में शुक्रवार को पांच दिवसीय 11वें बैकुंठ चतुर्दशी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले के आगाज पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया। पहले दिन धार्मिक अनुष्ठानों, पारंपरिक शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों का मन मोह लिया।

मेले के उद्घाटन अवसर पर ग्राम सभा क्वली से शिवध्वजा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शिवध्वजा ने मंदिर के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान डडुवादेवी ब्रह्मकुंड में शिवध्वजा को स्नान कराया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कलशयात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने भाग लिया।

मेले के पहले दिन लोकगायिका मीना राणा की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहीं। उन्होंने एक से बढ़कर एक लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 'ओ साहिबा' सहित लोकप्रिय गीतों पर दर्शक झूम उठे। पूरे पंडाल में तालियों और उत्साह का माहौल बना रहा।

इससे पूर्व मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि मंदिर समिति के संरक्षक उत्तम सिंह तथा विशिष्ट अतिथि जसवंत थपलियाल और बलवंत पटवाल ने किया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, केशर सिंह कठैत, जगतकिशोर बड़थ्वाल, नागेंद्र जुगराण और सुधीर बड़थ्वाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उमाचरण बड़थ्वाल और नागेंद्र जुगराण ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story