पतंजलि के ‘वेलनेस मॉडल’ पर दुनिया का बढ़ता भरोसा, 1.38 करोड़ मरीजों का उपचार
हरिद्वार, 31 अगस्त (हि.स.)। पतंजलि का ‘वेलनेस मॉडल’ देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों के मरीजों के बीच भी अपनी पहचान बना रहा है। पतंजलि के अनुसार, बीते कुछ वर्षों में 1.38 करोड़ से अधिक मरीजों का उपचार किया गया है। इनमें 88 देशों के 45 हजार से अधिक विदेशी मरीज शामिल हैं। यूरोप, मध्य-पूर्व, दक्षिण-पूर्व एशिया और अफ्रीका सहित विभिन्न क्षेत्रों से मरीजों का पतंजलि पहुंचना आयुर्वेद आधारित उपचार के प्रति बढ़ते वैश्विक रुझान का संकेत माना जा रहा है।
पतंजलि आयुर्वेदिक हॉस्पिटल, वेलनेस सेंटर और चिकित्सालयों में उपचार कराने वाले मरीजों का डिजिटल मेडिकल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। संस्थान का कहना है कि इससे मरीजों के उपचार, फॉलोअप और स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों को व्यवस्थित तरीके से संरक्षित करने में मदद मिल रही है। इसी के साथ पतंजलि अब आयुर्वेद, योग, नेचुरोपैथी, संतुलित आहार और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान को जोड़कर ‘इंटीग्रेटेड हेल्थ मॉडल’ विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
यूपी, उत्तराखंड समेत इन राज्यों से ज्यादा मरीज
पतंजलि में देश के लगभग सभी राज्यों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, गुजरात, हरियाणा और महाराष्ट्र से आने वाले मरीजों की संख्या अन्य राज्यों की तुलना में अधिक बताई गई है। वहीं विदेशों से आने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ने का दावा किया है।
ऐसे बढ़ रहा पतंजलि का हेल्थ नेटवर्क पतंजलि के अनुसार स्वास्थ्य एवं अनुसंधान नेटवर्क में 5,000 से अधिक डॉक्टर और 500 से अधिक वैज्ञानिक जुड़े हुए हैं। इसके अलावा 10 लाख से अधिक योग वॉलेंटियर, एक लाख से अधिक निशुल्क योग कक्षाएं और प्रतिदिन 15 हजार से अधिक निशुल्क ओपीडी संचालित किए जाने का दावा किया गया है। संस्थान के मुताबिक अब तक 500 से अधिक शोध पत्र भी प्रकाशित किए जा चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार उपचार कराने वाले मरीजों में 57 प्रतिशत पुरुष और 43 प्रतिशत महिलाएं हैं, जबकि करीब 46 प्रतिशत मरीज 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हैं। कुल मरीजों में 99.7 प्रतिशत भारतीय और करीब 45 हजार विदेशी मरीज शामिल बताए गए हैं।
डब्ल्यूएचओ और आयुष मंत्रालय की सोच के अनुरूप मॉडल
पतंजलि का कहना है कि उसका वेलनेस मॉडल पारंपरिक चिकित्सा को आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है। संस्थान के अनुसार, डिजिटल मेडिकल रिकॉर्ड, अनुसंधान और आधुनिक तकनीक के समन्वय से आयुर्वेद को वैज्ञानिक आधार देने पर जोर दिया जा रहा है। बढ़ती वैश्विक रुचि के बीच भारत को आयुर्वेद और वेलनेस टूरिज्म के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा - आयुर्वेद को वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था की मुख्यधारा में लाना लक्ष्य
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि पतंजलि का लक्ष्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि साक्ष्य-आधारित आयुर्वेद को वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था की मुख्यधारा में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल मेडिकल रिकॉर्ड, गहन अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकों के समन्वय से आयुर्वेद को वैज्ञानिक प्रमाणिकता देने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उनके मुताबिक ऋषि परंपरा और आधुनिक विज्ञान के संगम से ऐसा समग्र स्वास्थ्य मॉडल विकसित करने का प्रयास है, जो सुलभ, किफायती और दीर्घकालिक स्वास्थ्य समाधान उपलब्ध करा सके।
स्वामी रामदेव बोले - भारत बनेगा वैश्विक हेल्थ एवं वेलनेस डेस्टिनेशन
स्वामी रामदेव ने कहा कि योग, आयुर्वेद, नेचुरोपैथी, संतुलित आहार और वैज्ञानिक उपवास आधारित जीवनशैली करोड़ों लोगों के लिए स्वास्थ्य और नई आशा का माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि पतंजलि का संकल्प योग, आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान को एकीकृत कर ऐसा इंटीग्रेटेड हेल्थ सिस्टम विकसित करना है, जो केवल रोगों के उपचार तक सीमित न हो, बल्कि व्यक्ति के संपूर्ण स्वास्थ्य और संतुलित जीवन पर केंद्रित हो।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत को दुनिया का बड़ा हेल्थ एवं वेलनेस डेस्टिनेशन और समग्र चिकित्सा का वैश्विक केंद्र बनाने में पतंजलि अग्रणी भूमिका निभाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

