मालागांव में 4 से 6 नवंबर तक सजेगा हर्बल कुंभ, जुटेंगे देशभर के किसान-वैज्ञानिक

WhatsApp Channel Join Now
मालागांव में 4 से 6 नवंबर तक सजेगा हर्बल कुंभ, जुटेंगे देशभर के किसान-वैज्ञानिक


हरिद्वार, 03 नवंबर (हि.स.)। पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित मालागांव के हर्बल वर्ल्ड हिमालय (श्री धन्वंतरि धाम) में 4 से 6 नवंबर तक तीन दिवसीय हर्बल कुंभ एवं धन्वंतरि महोत्सव होगा। पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति स्वामी रामदेव और कुलपति आचार्य बालकृष्ण के सान्निध्य में आयोजित मेले में देशभर से किसान, वैज्ञानिक और उद्यमी जुटेंगे।

हरिद्वार में पतंजलि योगपीठ द्वारा मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना तथा हिमालयी फसलों और औषधीय पौधों की मूल्य श्रृंखला मजबूत कर रोजगार के नए अवसर विकसित करना है। इस हर्बल कुंभ में हिमालय से लेकर अफ्रीका और यूनान से चीन तक की विविध वनस्पतियों एवं पारंपरिक चिकित्सा विरासत को एक ही स्थान पर देखा जा सकेगा।

हर्बल कुंभ का उद्घाटन 4 नवंबर को होगा, जिसमें कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और डॉ. धन सिंह रावत शामिल होंगे। दूसरे दिन भगत सिंह चौधरी और समापन दिवस 6 नवंबर को सौरभ बहुगुणा मुख्य अतिथि होंगे।

तीन दिन तक कृषि एवं जड़ी-बूटी प्रदर्शनी के साथ प्रशिक्षण सत्र होंगे। मिट्टी जांच, मॉडल खेती, मधुमक्खी पालन, जैविक खेती, डिजिटल कृषि, प्रोसेसिंग-मार्केटिंग, गौशाला मॉडल, कोकोपीट उद्योग और उच्च मूल्य वाली फसलों का प्रदर्शन आकर्षण होगा। पतंजलि किसान डायरी का विमोचन, कृषि मशीनरी प्रदर्शनी, जल संरक्षण मॉडल और क्रेता-विक्रेता सम्मेलन भी होंगे।

आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि 200 एकड़ में फैला हर्बल वर्ल्ड पारंपरिक ज्ञान और औषधीय विरासत के संरक्षण को समर्पित है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story