धनौरी में इमारत का हिस्सा ढहा, पीएसी जवान मलबे में दबा

WhatsApp Channel Join Now
धनौरी में इमारत का हिस्सा ढहा, पीएसी जवान मलबे में दबा


हरिद्वार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान कॉलेज परिसर में ठहरी पीएसी की एक प्लाटून का एक जवान मलबे की चपेट में आ गया। पुलिस और राहत-बचाव दल ने जवान को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

घटना के अनुसार कॉलेज परिसर में पीएसी की एक प्लाटून ठहरी हुई थी। इसी दौरान बाथरूम की ओर बने भवन का हिस्सा अचानक ढह गया। भवन गिरने की तेज आवाज से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच एक पीएसी जवान के मलबे में दबे होने की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और धनौरी चौकी प्रभारी मुनव्वर हसन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव दल की मदद से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद जवान को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। भवन का हिस्सा गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद ही भवन के क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story