पुलिस लाइन में सरदार वल्लभभाई पटेल को जयंती पर किया याद

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस लाइन में सरदार वल्लभभाई पटेल को जयंती पर किया याद


पौड़ी गढ़वाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के लौह पुरुष, देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं गौरव के साथ मनाया।

इस अवसर पर पुलिस लाइन पौड़ी में परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनंद भरणे की मौजूदगी रही।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान एवं दूरदर्शी नेतृत्व को स्मरण किया। पुलिस महानिरीक्षक की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ग्रहण की।

सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं एकता की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए स्वतंत्रता के पश्चात देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण व एक सशक्त एवं अखंड भारत के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को नमन किया गया।

राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के बाद पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं अन्य संसाधनों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story