पंतनगर के 55 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण का मामला उठा
-कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कुलपति और सचिव कृषि को दिए कार्रवाई के निर्देश
पंतनगर, 20 नवंबर (हि.स.)। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,पंतनगर में लंबे समय से कार्यरत 55 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण का मामला एक बार फिर उठा है। पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना के नेतृत्व में कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा और नियमितीकरण की स्वीकृति दिलाने की मांग की।
कर्मचारियों ने कृषि मंत्री को अवगत कराया कि विश्वविद्यालय में वर्ष 2003 से पूर्व से लगातार कार्यरत 55 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के विनियमितीकरण का मामला शासन स्तर पर लंबित है। उन्होंने लंबे समय से सेवा देने के बावजूद नियमितीकरण नहीं होने से आ रही समस्याओं से भी अवगत कराया।
कृषि मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति और सचिव कृषि को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कर्मचारियों को लोकपर्व इगास की शुभकामनाएं भी दीं। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके कश्यप से मुलाकात कर वहां संचालित शोध कार्यों, कृषि अनुसंधान और नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने शोध कार्यों को किसानों के लिए उपयोगी बनाने और कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

