देहरादून की 409 ग्राम पंचायतों में 15 जुलाई को उपप्रधान चुनाव

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 07 जुलाई (हि.स.)। देहरादून जिले की सभी 409 ग्राम पंचायतों में उपप्रधान पद के निर्वाचन के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार 15 जुलाई को नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की सभी प्रक्रियाएं एक ही दिन संपन्न कराई जाएंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी, 12:30 बजे से एक बजे तक चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक होगा, जबकि मतगणना शाम चार बजे से कार्य समाप्ति तक चलेगी।

निर्वाचन से संबंधित सभी कार्यवाही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होगी। पंचायत भवन, विद्यालय भवन अथवा अन्य सार्वजनिक स्थल पर बैठक आयोजित की जाएगी। किसी निजी आवास पर निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित नहीं की जाएगी।

नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री 8 से 14 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर होगी। वहीं 15 जुलाई को सुबह आठ बजे से साढ़े नौ बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में निर्धारित स्थल पर नामांकन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्राम पंचायतों के सूचना पट्टों पर कार्यक्रम चस्पा कराने तथा मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story