टिहरी विधानसभा क्षेत्र के 28 गांवों में बनेंगे पंचायत भवनः किशोर

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। टिहरी विधानसभा में पंचायत राज मंत्री मदन कौशिक ने विधायक किशोर उपाध्याय के प्रस्ताव पर 19 पंचायत घर विहीन ग्राम पंचायतों को नए भवनों की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही 28 पंचायत भवनों की मरम्मत, 10 जीर्णशीर्ण पंचायत भवनों के पुनर्निर्माण की भी स्वीकृति दी है।

टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने बताया कि पंचायत मंत्री कौशिक ने विधानसभा क्षेत्र के 108 ग्राम पंचायत भवनों में कंप्यूटर भी प्रदान किए हैं। जिससे आने वाले समय में यहां मिनी सचिवालय के रूप में काम हो सकेगा। बताया कि चंबा ब्लॉक के पंचायत घर विहीन गांव बागी सारज्यूला, पैन्यूला, खेमाड़ा, बसाल, सिलकोटी, डंडासली, हड़म, इंडवाल गांव, कुड़ियाल गांव, जाखणीधार के पिपोला, बड़कोट, स्वाड़ी, परसारी, मल्याकोट, दणोली, पेटव, पिपोला रगड़ा, कफलना, करास, जेलम, बैंसोली, कोटी त्यूंसा, सेमा पुनाणू, काड़कोट में नए पंचायत भवन बनेंगे।

विधायक ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम धामी के नेतृत्व में पंचायतों को सशक्त करने का सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने उक्त स्वीकृति पर विभागीय मंत्री कौशिक और सीएम धामी का आभार जताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story