बीएचईएल लेडीज क्लब ने चलाया पौधरोपण अभियान

WhatsApp Channel Join Now
बीएचईएल लेडीज क्लब ने चलाया पौधरोपण अभियान


हरिद्वार, 08 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बीएचईएल लेडीज क्लब, हरिद्वार की सोशल वेलफेयर विंग द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लेडीज क्लब की संरक्षिका श्रीमती नंदन कुमारी के नेतृत्व में कार्यकारिणी समिति की पदाधिकारियों ने बीएचईएल उपनगरी स्थित मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।

इस अवसर पर नंदन कुमारी ने कहा कि पेड़ हैं तो जीवन है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हमारे पूर्वजों द्वारा लगाए गए वृक्षों का लाभ आज हमें मिल रहा है, उसी प्रकार आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर बनेंगे। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

पौधरोपण अभियान के तहत अमलतास, गुलमोहर, रुद्राक्ष, अर्जुन, लीची, अमरूद और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में सोशल वेलफेयर की अध्यक्ष अजंता राय, सेंटर इंचार्ज रूबल गर्ग, पदमावानी, सुमन दवे, रीना राणा, मेनका मिश्रा, वेलफेयर सेक्रेटरी रतना तिवारी, कल्चर सेक्रेटरी मीनाक्षी सिंह, कार्यकारिणी सदस्य कांती सुधाकर, अनुपम शरण, सुनीता मिश्रा, अर्पण ज्योति, सीमा यादव सहित एचआरडीसी एवं बीएचईएल बागवानी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story