एसएमजेएन कॉलेज की चित्रकला प्रतियोगिता में शालिनी और भूमिका प्रथम

WhatsApp Channel Join Now
एसएमजेएन कॉलेज की चित्रकला प्रतियोगिता में शालिनी और भूमिका प्रथम


हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में मंगलवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अंतर-महाविद्यालयीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत-2047’, ‘उत्तराखंड के विकास की परिकल्पना’ और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को अपनी कलाकृतियों में उकेरा। प्रतियोगिता में शालिनी और भूमिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी), बीआईएस मानक क्लब, लीगल एड सेल, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), यूथ रेड क्रॉस और एंटी ड्रग सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।

प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान युवाओं को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करता है। चित्रकला केवल सौंदर्य नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और आत्मनिर्भरता का माध्यम भी है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने कहा कि पाठ्येतर गतिविधियां सर्वांगीण विकास में सहायक हैं।

बीआईएस मानक क्लब के मेंटर डॉ. विजय शर्मा ने कहा कि कला के जरिए जटिल संदेश सरलता से पहुंचाए जा सकते हैं।

प्रतियोगिता में श्रेया और खुशी शर्मा को द्वितीय, राजश्री और कशिश को तृतीय तथा हेमंत अग्रवाल और नम्रता को सांत्वना पुरस्कार मिला। निर्णायक मंडल में डॉ. रजनी सिंघल, डॉ. गीता शाह और डॉ. पद्मावती तनेजा रहीं। संचालन डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल और डॉ. ज्योति चौधरी ने किया। इस दौरान प्रो. विनय थपलियाल सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक और छात्र मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760017 Articles

Share this story