अंकिता भंडारी हत्याकांड: दुष्यंत गौतम को राज्यपाल पद से हटाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अंकिता भंडारी हत्याकांड: दुष्यंत गौतम को राज्यपाल पद से हटाने की मांग


हरिद्वार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर पहाड़ी महासभा ने दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर आपत्ति जताई है। महासभा ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर उन्हें राज्यपाल पद से हटाने की मांग की। साथ ही अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और प्रकरण से जुड़े सवालों व आरोपों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई।

महासभा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया था। यह मामला केवल एक परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता की भावनाओं से जुड़ा है। प्रकरण को लेकर लोगों के मन में आज भी कई सवाल हैं, जिनका जवाब सामने आना जरूरी है।

पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे लोगों की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी सवालों और आरोपों की पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए, ताकि न्याय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कायम रहे।

महासभा के सचिव जसवंत सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रकरण के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर उठ रहे सवालों का जवाब सामने लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि न्याय की मांग कर रहे लोगों की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764850 Articles

Share this story