छठ पर बड़ा हादसा टला, पीएसी जवानों ने पिता-पुत्र को गंगा में डूबने से बचाया

WhatsApp Channel Join Now
छठ पर बड़ा हादसा टला, पीएसी जवानों ने पिता-पुत्र को गंगा में डूबने से बचाया


हरिद्वार, 16 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व पर संध्या अर्घ्य के दौरान बहादराबाद के सर्वेश्वर घाट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगा में डूब रहे 16 वर्षीय किशोर और उसे बचाने गए उसके पिता को 40वीं वाहिनी पीएसी की आपदा राहत टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, किशोर आयुष अपने परिजनों के साथ छठ पूजा के लिए सर्वेश्वर घाट पहुंचा था। घाट पर संध्या अर्घ्य की तैयारियां चल रही थीं और परिवार के लोग पूजा-अर्चना में व्यस्त थे, तभी आयुष गंगा में नहाने के लिए उतर गया। गहराई का अंदाजा न होने पर वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बहने लगा।

बेटे को डूबता देख पिता ने भी उसे बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव के कारण वह भी फंस गए। संध्या अर्घ्य के समय घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच पिता-पुत्र को पानी में संघर्ष करता देख अफरा-तफरी मच गई।

घाट पर सुरक्षा में तैनात पीएसी के आपदा राहत दल के जवानों ने बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने गंगा में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सकुशल बाहर निकाला और परिजनों को सौंप दिया।

पीएसी की मुस्तैदी से संध्या अर्घ्य के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि घाटों पर सावधानी बरतें, गहरे पानी में न जाएं और बच्चों को अकेले नदी में न जाने दें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story