संगठन ने चुनाव को लेकर बनाई कमेटी

WhatsApp Channel Join Now
संगठन ने चुनाव को लेकर बनाई कमेटी


नैनीताल, 24 अप्रैल (हि.स.)। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन एनयूजे-आई यानी नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) ने आसन्न चुनाव की ओर बढ़ते हुए लंबे समय से पुराने संविधान के कारण संगठन के समक्ष आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए व्यापक संशोधन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

नैनीताल जनपद के रामगढ़ स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित राष्ट्रीय पदाधिकारियों और चुनाव आयोग के सदस्यों की बैठक में विचार-विमर्श के बाद संविधान संशोधन कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया।

कमेटी का संयोजक उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे को बनाया गया है। जबकि समिति में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप तिवारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु, राकेश शर्मा, सीमा किरण, उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष राम चंद्र कनौजिया और राजीव नैनम को सदस्य नामित किया गया है। यह समिति एनयूजे-आई कोटा राशि में वृद्धि, जोन व्यवस्था को समाप्त करने, किसी राज्य से सचिव व उपाध्यक्ष दो बार ही बनने एवं उन्हें उनके राज्य का ही प्रभारी बनाने की व्यवस्था में बदलाव, केंद्र के साथ राज्य इकाइयों में एक व्यक्ति-एक पद की व्यवस्था बनाने, डेलीगेट व यूनियन काउंसिल मेंबर क्रमशः 40 व 80 सदस्यों पर बनाने की व्यवस्था में बदलाव, केंद्र की तर्ज पर राज्य इकाइयों में भी अध्यक्ष व महासचिव दो से अधिक बार न बनाने की व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श कर कोई बदलाव सुझा सकती है। यह भी तय हुआ कि आगामी जुलाई माह में केंद्रीय संगठन के चुनाव की तिथि तय कर ली जाएगी।

संगठन से जुड़े चल रहे न्यायिक प्रकरणों को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव भी आया कि राष्ट्रीय परिषद के चुनाव से पहले नियमों में बदलाव कर अंतिम निर्णय के लिए संविधान संशोधन कमेटी को भेज दिया गया है। यह भी तय हुआ कि कमेटी की पहली बैठक 4 और 5 मई को मथुरा (उत्तर प्रदेश) में आयोजित होगी, जिसमें संशोधन के प्रारूप पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। जिन राज्यों में चुनाव नहीं हुए हैं उनमें चुनाव अधिकारी नियुक्त कर चुनाव कराने पर भी बात हुई। इससे पूर्व एनयूजेआई-उत्तराखंड के प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन जोशी, उपाध्यक्ष डॉ. गिरीश रंजन तिवारी, नैनीताल जिलाध्यक्ष अफजल हुसैन फौजी, उपाध्यक्ष तेज सिंह नेगी, नैनीताल नगर अध्यक्ष गौरव जोशी, महामंत्री अजमल हुसैन व प्रदीप कुमार आदि ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों और चुनाव आयोग के सदस्यों का उत्तराखंड के राज्य वृक्ष बुरांश के फूलों के गुलदस्तों से स्वागत व अभिनंदन किया।

बैठक में समिति में चुने गये पदाधिकारियों के साथ ही चुनाव आयोग के सदस्य अशोक किंकर, दधिबल यादव व संजय तलवार, राष्ट्रीय सचिव कैलाश जोशी, राकेश थपलियाल, प्रमोद कुमार सिंह, मुकेश वत्स, अमलेश राजू, देवकृष्ण कोठारी, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सुनील पांडे, कोषाध्यक्ष राहुल वर्मा, कुमाऊं प्रभारी दिनेश जोशी, गढ़वाल प्रभारी धर्मेंद्र चौधरी, सचिव बाल कृष्ण शास्त्री, मनोज लोहनी, मनोज पांडे, हरिद्वार जिलाध्यक्ष आदेश त्यागी आदि लोग भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story