तहसील दिवस में 146 शिकायतें दर्ज,51 का मौके पर निस्तारण
हरिद्वार, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद की सभी तहसीलों में माह के प्रथम मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में कुल 146 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 51 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।
तहसील हरिद्वार, रुड़की, लक्सर और भगवानपुर में उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान भूमि चकबंदी, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, राशन कार्ड तथा नालों की सफाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
तहसील हरिद्वार में उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 42 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 18 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील रुड़की में अपर उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में 27 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का समाधान किया गया।
तहसील भगवानपुर में उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में 14 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 8 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, तहसील लक्सर में उपजिलाधिकारी सौरभ असवाल की अध्यक्षता में 63 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का समाधान किया गया।
हरिद्वार तहसील दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया, नोडल अधिकारी स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, तहसीलदार सचिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

