एसपी सिटी ने लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
एसपी सिटी ने लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश


हरिद्वार, 04 जुलाई (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आज एसपी सिटी अभय सिंह की अध्यक्षता में नगर क्षेत्र के सभी विवेचकों की ओआर (ऑर्डरली रूम) बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करना, उनकी प्रगति का आकलन करना तथा दर्ज मुकदमों का गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।

पूर्व में एसएसपी ने सभी विवेचकों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि प्रत्येक मुकदमे की निष्पक्ष, तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण विवेचना करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निस्तारण किया जाए, ताकि पीड़ित पक्ष को समय पर न्याय मिल सके और न्यायालय में मजबूत एवं साक्ष्य आधारित विवेचना प्रस्तुत हो।

ओआर के दौरान एसपी सिटी अभय सिंह ने एक-एक विवेचक से उनके पास लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मुकदमों के निस्तारण में हो रही देरी के कारणों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विवेचना निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिक मानकों के अनुरूप होनी चाहिए, जिससे न्यायिक प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बन सके।

एसपी सिटी ने विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी मामलों में साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर संकलन किया जाए, गवाहों के बयान समय पर दर्ज किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी से बचा जाए।

बैठक के दौरान लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, विवेचना की गुणवत्ता में सुधार तथा न्यायालय में समयबद्ध आरोप पत्र प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सभी विवेचकों को निर्देशित किया गया कि वे गंभीर मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रत्येक प्रकरण की प्रगति से वरिष्ठ अधिकारियों को समय-समय पर अवगत कराते रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story