भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट, अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए
नैनीताल, 28 जुलाई (हि.स.)। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने बुधवार यानी कल के लिए जनपद नैनीताल में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि भारी वर्षा के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मलबा एवं पेड़ गिरने से यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए मार्गों को तत्काल सुचारु कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों तथा गैंग कर्मचारियों की चौबीसों घंटे तैनाती के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर उपलब्ध रहने, मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू रखने तथा तहसील स्तर पर त्वरित कार्रवाई दलों (क्यूआरटी) को पूरी तरह सतर्क रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं राहत-बचाव उपकरण पहले से तैयार रखने को कहा। वही मौसम विभाग के अनुसार जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर आने की संभावना है। वहीं भारतीय मौसम विभाग के राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार जनपद के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का जोखिम भी बना हुआ है। लगातार वर्षा के कारण छोटे नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि, निचले क्षेत्रों में जलभराव तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका व्यक्त की गई है।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल नंबर 8272080884 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर दें।
जनपद में 18 मिमी बारिश, सात मार्ग बंद
इधर जिला आपदा परिचालन केंद्र की सोमवार अपराह्न चार बजे जारी दैनिक रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में जनपद में औसतन 17.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 83 मिलीमीटर वर्षा हल्द्वानी (काठगोदाम) क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई, जबकि नैनीताल में 19 मिलीमीटर, रामनगर में 5.4 मिलीमीटर, कालाढूंगी में 8 मिलीमीटर, बेतालघाट में 5.5 मिलीमीटर, धारी में 12 मिलीमीटर, बेतालघाट, रामगढ़, मुक्तेश्वर तथा अन्य क्षेत्रों में भी वर्षा दर्ज की गई। यह भी बताया गया है कि लगातार वर्षा के कारण जनपद में एक मुख्य जिला मार्ग और छह ग्रामीण मोटर मार्ग सहित कुल सात सड़कें बाधित हो गई हैं। इनमें छीड़ाखान-अधौड़ा-अमजड़ मोटर मार्ग, सूर्या-कौन्ता-ककोड़-हरीशताल मोटर मार्ग, चोपड़ा-कूल मोटर मार्ग, डोबा-गौनियारो मोटर मार्ग, बालिक-सुनकोट मोटर मार्ग, एचएमटी ब्रेवरी मोटर मार्ग व अमृतपुर-बानना-बबियाड़ मार्ग शामिल हैं। संबंधित विभागों द्वारा सभी मार्गों को शीघ्र खोलने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

