ऑपरेशन कालनेमी के तहत हिरासत में 22 ढोंगी बाबा

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन कालनेमी के तहत हिरासत में 22 ढोंगी बाबा


हरिद्वार, 24 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार में धार्मिक आस्था की आड़ में ठगी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन कालनेमी के तहत 22 ढोंगी बाबाओं को हिरासत में लिया है। ये लोग साधु-संत का भेष धारण कर श्रद्धालुओं को गुमराह कर रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खासतौर पर हरकी पैड़ी क्षेत्र में सक्रिय थे, जहां भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इनके द्वारा महिलाओं और युवाओं को टारगेट किया जाता था। घरेलू व व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान का झांसा दिया जाता था। साथ ही तंत्र-मंत्र और पूजा के नाम पर पैसे ऐंठे जाते थे।

पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त 22 व्यक्तियों को चिन्हित कर धारा 172(2) बीएनएसएस के अंतर्गत हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व साधु-संत का भेष धारण कर लोगों की आस्था का दुरुपयोग कर रहे हैं। ऐसे मामलों में अब सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन कालनेमी आगे भी जारी रहेगा और धार्मिक स्थलों पर ठगी करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई होती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story