एसआईआर पर जनता में भ्रम फैला रही कांग्रेस समेत विपक्षी दल

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर पर जनता में भ्रम फैला रही कांग्रेस समेत विपक्षी दल


नई टिहरी, 28 सितंबर (हि.स.)। भाजपा ने मतदाता सूची एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान को लेकर विपक्ष और खासकर कांग्रेस पर जनता को बरगलाने का आरोप लगाया है। कहा कि कांग्रेस की आदत हो गई कि सभी संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर भारत की छवि को देश ही नहीं बल्कि दुनिया में धूमिल किया जाए।

सोमवार को पत्रकार वार्ता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा एसआईआर को लेकर मचे घमासान पर चुनाव आयोग पर लग रहे आरोपों पर सरकार और पार्टी का स्टैंड साफ किया। कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन गए हैं। वे हमेशा भारत विरोधी बयान देते हैं। कहा कि फार्म-6 का सारा कंटेंट 1960 के दशक से चला आ रहा है।

एक अखबार की रिपोर्ट के आधार पर विपक्ष बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। जबकि सीईसी ज्ञानेश कुमार सहित ईसी एसएस संधू और विवेक जोशी ने पहले ही स्पष्टीकरण दे दिया है। कैबिनेट सचिव को भेजी चिट्ठी में भी एसआईआर से संबंधित कोई बात नहीं लिखी गई। बावजूद इसके विपक्ष इस पर भ्रम फैला रहा है। ईसीआई के सारे निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं। भाजपा देशभर में कांग्रेस को बेनकाब कर देगी। इस मौके पर बलवंत रावत, विनोद रतूड़ी, राजेंद्र डोभाल, विजय कठैत, गोविंद रावत, जयेंद्र पंवार, अक्षत बिजल्वाण, नीरज खत्री, सुशील बहुगुणा, उर्मिला राणा, कमल पुंडीर मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story