सुमननगर में जलभराव पर प्रशासन का ‘ऑपरेशन वॉटर आउट’!

WhatsApp Channel Join Now
सुमननगर में जलभराव पर प्रशासन का ‘ऑपरेशन वॉटर आउट’!


हरिद्वार, 04 सितंबर (हि.स.)। बहादराबाद क्षेत्र के सुमननगर में भारी बारिश के बाद पैदा हुए जलभराव ने प्रशासन की चिंता बढ़ाई तो जिला प्रशासन ने भी मोर्चा संभाल लिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में प्रशासन की संयुक्त टीमें मौके पर डटी हैं और जल निकासी का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। सक्शन मशीनों से पानी खींचा जा रहा है, पंप सेट लगातार चलाए जा रहे हैं और जेसीबी से नालियों की सफाई एवं खुदाई कर पानी की निकासी का रास्ता बनाया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जलभराव की शिकायतें मिलते ही आपदा प्रबंधन, तहसील प्रशासन, कानूनगो, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, आरकेओ सहित संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय कर दी गईं। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी में तेजी लाने के निर्देश दिए।

65 लाख लीटर से ज्यादा पानी निकाला

सुमननगर की गली संख्या 03 और 04 में विशेष अभियान चलाया गया है। अब तक पंप सेटों के माध्यम से करीब 35 लाख लीटर, शिविर के माध्यम से 15 लाख लीटर तथा नमामि गंगे की रुड़की शिविर टीम द्वारा करीब 15 लाख लीटर पानी बाहर निकाला जा चुका है। यानी अब तक कुल लगभग 65 लाख लीटर पानी की निकासी की जा चुकी है।

जेसीबी से खुलवाया जा रहा पानी का रास्ता

जल निकासी के लिए प्रशासन ने तीन स्तर पर अभियान चलाया है। सक्शन मशीनों से जमा पानी निकाला जा रहा है, पंप सेटों के जरिए लगातार पानी बाहर भेजा जा रहा है और जेसीबी से नालियों की खुदाई व सफाई कर अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को सुचारु किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जलभराव पूरी तरह समाप्त होने तक अभियान जारी रहेगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और जल निकासी कार्य में किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए। प्रशासन की टीमें लगातार मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story