'ऑपरेशन नाइट वॉच' : दून पुलिस ने नशे में वाहन चलाने पर दो दिन में 71 गिरफ्तार किये
देहरादून, 26 मार्च (हि.स.)। हुड़दंगी छात्रों और युवकों पर नकेल कसने के उद्देश्य से देहरादून पुलिस ने 'ऑपरेशन नाइट वॉच' अभियान शुरू किया है। इसके तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि के समय सघन चेकिंग अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने विगत दो दिन में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया है।
एसएसपी देहरादून परमेन्द्र सिंह डोभाल ने गुरुवार को बताया कि रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने, हुड़दंग करने या आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले छात्रों और युवकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित कॉलेज या विश्वविद्यालय से ऐसे छात्रों के निष्कासन की कार्रवाई भी सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों के आसपास सक्रिय गुटबाजी करने वाले छात्रों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने अपने अभियान में दो दिन में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया है। इनमें 21 चारपहिया और 50 दोपहिया वाहन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वाहनों में अवैध हूटर, काले शीशे और रेस ड्राइविंग करने पर 12 अन्य वाहनों को भी सीज किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 98 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई, जबकि 21 मामलों में न्यायालय चालान भी किए गए। अभियान के दौरान 2600 से अधिक वाहनों की जांच की गई और 1900 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर सत्यापन किया गया।
रात्रि में अनावश्यक रूप से घूम रहे 288 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिनमें से 156 संदिग्धों को थाने लाया गया। इस दौरान 99 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान कर 49,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

